मुहावरा किसे कहते है? अर्थ और उदाहरण, Muhavare in Hindi

मुहावरा किसे कहते है?

परिभाषा – सामान्य अर्थ का बोध न कराकर विशेष अथवा विलक्षण अर्थ का बोध करने वाले पदबंध को मुहावरा कहते है।

सरल शब्दों में – मुहावरा कुछ शब्दों का ऐसा समूह है जिसका अर्थ उसके शब्दों के सामान्य अर्थ से अलग होता है।

उदाहरण

नाक में दम करना 

इसका शाब्दिक अर्थ होता है – नाक में दम पैदा करना

लेकिन मुहावरा के अनुसार इसका शाब्दिक अर्थ है – बहुत परेशान करना

इसका वाक्य में प्रयोग – छोटे बच्चे ने अपने शरारत से पूरे घर की नाक में दम कर दिया

मुहावरा की विशेषताएँ –

  • मुहावरा अरबी भाषा का शब्द है
  • मुहावरा अपूर्ण वाक्य होता है, किन्तु वाक्य में प्रयोग करते ही यह वाक्य का अभिन्न अंग बन जाता है
  • मुहावरे पर प्रयोग से भाषा सरल, सरस, रोचक एवं प्रभावपूर्ण बन जाती है
  • मुहावरा एक प्रचलित वाक्यांश होता है
  • मुहावरा का अर्थ शाब्दिक नही होता है
  • मुहावरे का अर्थ लाक्षणिक होता है
  • मुहावरे का प्रयोग वाक्य में किया जाता है
  • मुहावरे का रूप प्रायः निश्चित होता है
  • मुहावरे भाषा को प्रभावशाली बनाते है
  • मुहावरे में व्यंग या छाप छिपा हो सकता है

मुहावरे का प्रयोग –

मुहावरा का प्रयोग किसी भाव, स्थिति, कार्य या व्यवहार को कम शब्दों में प्रभावशाली तरीके से व्यक्त करने के लिए किया जाता है।

उदाहरण –

मुहावरा – अक्ल पर पत्थर पड़ना

अर्थ – कुछ समझ में न आना

वाक्य प्रयोग – मेरी अक्ल पर पत्थर पड़ गए है कुछ समझ में नही आता कि क्या करूँ।

मुहावरा और लोकोक्ति में अंतर –

मुहावरा और लोकोक्ति दोनों हिन्दी भाषा को प्रभावशाली और रोचक बनाते है। लेकिन मुहावरा और लोकोक्ति में कुछ महत्वपूर्ण अंतर होता है जो नीचे दिए गया चार्ट में दर्शाया गया है।

आधार मुहावरा लोकोक्ति
अर्थ ऐसा वाक्यांश जिसका अर्थ उसके सामान्य अर्थ से अलग और विशेष होता है। लोक-अनुभव से बनी ऐसी प्रसिद्ध उक्ति जिसमें कोई सीख, अनुभव या सत्य छिपा हो।
स्वरूप यह सामान्यतः वाक्यांश होता है। यह सामान्यतः पूर्ण वाक्य होता है।
प्रयोग वाक्य के किसी अंग के रूप में किया जाता है। स्वतंत्र रूप से भी प्रयोग किया जा सकता है।
उद्देश्य भाषा को प्रभावशाली और भावपूर्ण बनाना। किसी अनुभव, नीति, शिक्षा या जीवन-सत्य को व्यक्त करना।
अर्थ प्रायः लाक्षणिक अर्थ देता है। प्रायः किसी घटना या परिस्थिति पर नीति/अनुभव बताता है।
उदाहरण नाक कटना — अपमान होना। अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत। — समय निकल जाने पर पछताने से कोई लाभ नहीं।

कुछ महत्वपूर्ण मुहावरे, उनके अर्थ और प्रयोग-

1. आँखों का तारा होना

अर्थ: बहुत प्यारा होना
वाक्य: छोटा बेटा अपनी माँ की आँखों का तारा है।

2. आँखों में धूल झोंकना

अर्थ: धोखा देना
वाक्य: ठग ने लोगों की आँखों में धूल झोंक दी।

3. आँखों में खून उतरना

अर्थ: बहुत अधिक क्रोधित होना
वाक्य: अपने भाई का अपमान देखकर उसके आँखों में खून उतर आया।

4. आग बबूला होना

अर्थ: बहुत क्रोधित होना
वाक्य: झूठ सुनकर पिता आग बबूला हो गए।

5. आग में घी डालना

अर्थ: क्रोध या विवाद को और बढ़ाना
वाक्य: उसकी बात ने झगड़े में आग में घी डालने का काम किया।

6. आसमान सिर पर उठाना

अर्थ: बहुत शोर करना
वाक्य: बच्चों ने खेलते समय आसमान सिर पर उठा लिया।

7. ईंट का जवाब पत्थर से देना

अर्थ: कड़ा प्रतिकार करना
वाक्य: सेना दुश्मन की हर कार्रवाई का ईंट का जवाब पत्थर से देगी।

8. उँगली पर नचाना

अर्थ: अपने वश में रखना
वाक्य: वह अपनी मीठी बातों से सबको उँगली पर नचाता है।

9. एड़ी-चोटी का जोर लगाना

अर्थ: पूरा प्रयास करना
वाक्य: उसने परीक्षा में सफल होने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया।

10. कमर कसना

अर्थ: पूरी तरह तैयार होना
वाक्य: खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कमर कस ली।

11. कान भरना

अर्थ: किसी के विरुद्ध भड़काना
वाक्य: किसी ने मालिक के कान भर दिए, इसलिए वह मुझसे नाराज हैं।

12. कानोंकान खबर न होना

अर्थ: बिल्कुल पता न चलना
वाक्य: चोरी की घटना की किसी को कानोंकान खबर नहीं हुई।

13. खून-पसीना एक करना

अर्थ: बहुत मेहनत करना
वाक्य: किसान फसल उगाने में अपना खून-पसीना एक कर देता है।

14. खून खौलना

अर्थ: बहुत क्रोधित होना
वाक्य: देश का अपमान देखकर सैनिकों का खून खौल उठा।

15. खून के आँसू रोना

अर्थ: बहुत दुखी होना
वाक्य: बेटे की मृत्यु के बाद माँ खून के आँसू रो रही है।

16. गले का हार होना

अर्थ: बहुत प्रिय होना
वाक्य: वह अपने माता-पिता के गले का हार है।

17. गले की हड्डी होना

अर्थ: ऐसी समस्या जिसे न छोड़ा जा सके और न स्वीकार किया जा सके
वाक्य: यह मामला उसके लिए गले की हड्डी बन गया है।

18. गड़े मुर्दे उखाड़ना

अर्थ: पुरानी बातों को फिर से उठाना
वाक्य: अब गड़े मुर्दे उखाड़ने से कोई लाभ नहीं होगा।

19. चाँदी काटना

अर्थ: खूब धन कमाना
वाक्य: त्योहार के समय दुकानदारों ने खूब चाँदी काटी।

20. चार चाँद लगाना

अर्थ: शोभा बढ़ाना
वाक्य: फूलों ने घर की सजावट में चार चाँद लगा दिए।

21. छक्के छुड़ाना

अर्थ: बहुत परेशान या पराजित करना
वाक्य: भारतीय गेंदबाजों ने बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा दिए।

22. दाँत खट्टे करना

अर्थ: बुरी तरह हरा देना
वाक्य: हमारी सेना ने दुश्मनों के दाँत खट्टे कर दिए।

23. दाँतों तले उँगली दबाना

अर्थ: बहुत आश्चर्यचकित होना
वाक्य: जादूगर का करतब देखकर सभी ने दाँतों तले उँगली दबा ली।

24. दिन में तारे दिखाई देना

अर्थ: बहुत अधिक कष्ट होना
वाक्य: दुर्घटना में घायल होने के बाद उसे दिन में तारे दिखाई देने लगे।

25. नाक कटना

अर्थ: अपमान होना
वाक्य: उसकी गलत हरकत से पूरे परिवार की नाक कट गई।

26. नाक में दम करना

अर्थ: बहुत परेशान करना
वाक्य: मच्छरों ने रातभर नाक में दम कर दिया।

27. नौ दो ग्यारह होना

अर्थ: भाग जाना
वाक्य: पुलिस को देखकर चोर नौ दो ग्यारह हो गया।

28. पानी-पानी होना

अर्थ: बहुत लज्जित होना
वाक्य: अपनी गलती सामने आने पर वह पानी-पानी हो गया।

29. रंगे हाथ पकड़ा जाना

अर्थ: अपराध करते हुए पकड़ा जाना
वाक्य: चोर चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

30. लोहे के चने चबाना

अर्थ: बहुत कठिन काम करना
वाक्य: बिना तैयारी के प्रतियोगी परीक्षा पास करना लोहे के चने चबाने के समान है।

31. सिर पर कफन बाँधना

अर्थ: जान की परवाह न करना
वाक्य: सैनिकों ने सिर पर कफन बाँधकर देश की रक्षा की।

32. हाथ पर हाथ धरे बैठना

अर्थ: निष्क्रिय बैठना
वाक्य: समस्या के समय हाथ पर हाथ धरे बैठना उचित नहीं है।

33. हाथ-पाँव फूलना

अर्थ: बहुत घबरा जाना
वाक्य: कठिन प्रश्नपत्र देखकर उसके हाथ-पाँव फूल गए।

34. हाथ मलना

अर्थ: पछताना
वाक्य: अवसर निकल जाने के बाद अब हाथ मलने से क्या लाभ?

35. हाथ साफ करना

अर्थ: चोरी करना
वाक्य: चोर दुकान से कई महँगी वस्तुओं पर हाथ साफ कर गया।

36. मुँह की खाना

अर्थ: बुरी तरह हार जाना
वाक्य: घमंडी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में मुँह की खानी पड़ी।

37. मुँह में पानी आना

अर्थ: स्वादिष्ट भोजन देखकर खाने की इच्छा होना
वाक्य: गरम जलेबी देखकर मेरे मुँह में पानी आ गया।

38. रंगे हाथ पकड़ना

अर्थ: अपराध करते हुए पकड़ना
वाक्य: पुलिस ने चोर को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

39. सिर आँखों पर रखना

अर्थ: बहुत सम्मान करना
वाक्य: मैं आपके आदेश को सिर आँखों पर रखूँगा।

40. टस से मस न होना

अर्थ: अपने निर्णय से बिल्कुल न हटना
वाक्य: बहुत समझाने के बाद भी वह टस से मस नहीं हुआ।

मुहावरा FAQs

प्रश्न- मुहावरा किसे कहते है?

उत्तर- मुहावरा उस प्रचलित वाक्यांश को कहते हैं, जिसका अर्थ उसके सामान्य शब्दार्थ से अलग और विशेष होता है।

प्रश्न- आँखों में खून उतरना मुहावरे का अर्थ क्या है?

उत्तर- बहुत अधिक क्रोधित होना

प्रश्न- मुहावरा किस भाषा का शब्द है?

उत्तर- मुहावरा अरबी भाषा का शब्द है

प्रश्न- मुहावरे का प्रयोग क्यों किया जाता है?

उत्तर- भाषा को रोचक, प्रभावशाली और भावपूर्ण बनाने के लिए

प्रश्न- मुहावरे और लोकोक्ति में मुख्य अंतर क्या है?

उत्तर- मुहावरा वाक्यांश होता है, जबकि लोकोक्ति सामान्यतः पूर्ण वाक्य के रूप में होती है

 

UPSSSC PET GK PDF