वर्तमान काल – परिभाषा, भेद, उदाहरण और वाक्य – हिन्दी व्याकरण
वर्तमान काल परिभाषा
क्रिया के जिस रूप से वर्तमान समय में कार्य के होने या जारी रहने का बोध हो, उसे वर्तमान काल कहते हैं।
उदाहरण –
- राम स्कूल जाता है।
- सीता खाना बनाती है।
- बच्चे मैदान में खेल रहे हैं।
- मैं पुस्तक पढ़ रहा हूँ।
वर्तमान काल के मुख्यतः पांच ( 5 ) भेद होते है |
(क) सामान्य वर्तमान काल
(ख) तात्कालिक वर्तमान काल
(ग) पूर्ण वर्तमान काल
(घ) संदिग्ध वर्तमान काल
(ङ) संभाव्य वर्तमान काल
(क) सामान्य वर्तमान काल-
क्रिया का वह रूप जिससे क्रिया का वर्तमान काल में होना पाया जाता है उसे सामान्य वर्तमान काल कहते है |
पहचान – जिस वाक्य के अंत में ता है, ती है, ते है, ती हूँ शब्द आये |
उदाहरण –
- राम प्रतिदिन विद्यालय जाता है।
- सीता प्रतिदिन पूजा करती है।
- मोहन सुबह जल्दी उठता है।
- बच्चे रोज मैदान में खेलते हैं।
- सूर्य पूर्व दिशा से उगता है।
- पृथ्वी सूर्य के चारों ओर घूमती है।
(ख) तात्कालिक वर्तमान काल
जिस क्रिया से वक्ता के बोलते समय ही कार्य के होने या किए जाने का बोध हो, उसे तात्कालिक वर्तमान काल कहते हैं।
पहचान – वाक्य के अंत में रहा है, रही है, रहे है, रहे हो शब्द आता है |
उदाहरण-
- मैं अभी खाना खा रहा हूँ।
- राम अभी पुस्तक पढ़ रहा है।
- सीता अभी गीत गा रही है।
- बच्चे अभी मैदान में खेल रहे हैं।
- वह अभी घर जा रहा है।
(ग) पूर्ण वर्तमान काल
क्रिया के जिस रूप से यह पता चले कि कार्य वर्तमान समय में पूरा हो चुका है, उसे पूर्ण वर्तमान काल कहते हैं।
पहचान – वाक्य के अंत में चुका है, चुकी है, चुके हैं, लिया है, दिया है आदि का प्रयोग होता है।
उदाहरण –
- राम भोजन कर चुका है।
- सीता अपना काम पूरा कर चुकी है।
- बच्चे विद्यालय जा चुके हैं।
- मैंने पुस्तक पढ़ ली है।
- मोहन बाजार से लौट आया है।
- किसान खेत में बीज बो चुका है।
(घ) संदिग्ध वर्तमान काल
क्रिया के जिस रूप से वर्तमान समय में किसी कार्य के होने के बारे में संदेह या अनुमान का बोध हो, उसे संदिग्ध वर्तमान काल कहते हैं।
पहचान – वाक्य के अंत में ता होगा, ती होगी, रहा होगा, रही होगी आदि का प्रयोग होता है |
उदाहरण –
- मोहन विद्यालय जाता होगा।
- बच्चे मैदान में खेलते होंगे।
- वह अभी कार्यालय में काम करता होगा।
- पिताजी घर पर आराम कर रहे होंगे।
- अध्यापक कक्षा में पढ़ा रहे होंगे।
- रीना इस समय पुस्तक पढ़ रही होगी।
(ङ) संभाव्य वर्तमान काल
क्रिया के जिस रूप से वर्तमान समय में किसी कार्य के होने की संभावना या अनुमान का बोध हो, उसे संभाव्य वर्तमान काल कहते हैं।
पहचान – वाक्य के अंत में अधिकतर “ हो “ शब्द का प्रयोग होता है |
उदाहरण –
- शायद राम घर पर हो।
- संभव है कि वह अभी पढ़ रहा हो।
- शायद सीता बाजार गई हो।
- संभव है कि बच्चे मैदान में खेल रहे हों।
- शायद मोहन आज विद्यालय आए।
